
देहरादून। मन की बात कार्यक्रम का हर एपिसोड समाज के लिए प्रेरणा स्रोत होता है। इस कार्यक्रम के जरिए ऐसे लोगों के असाधारण कार्यों को देश-दुनिया के सामने लाया जाता है, जो सामान्य परिस्थितियों में रहकर समाज सेवा और राष्ट्र निर्माण में महत्वपूर्ण योगदान दे रहे हैं।प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी का मन की बात केवल एक रेडियो कार्यक्रम नहीं, बल्कि आमजन और जन-जन का कार्यक्रम है, जिससे लोगों को सकारात्मक कार्य करने की प्रेरणा मिलती है। यह विचार मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने रविवार को दून लाइब्रेरी में प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के लोकप्रिय रेडियो कार्यक्रम मन की बात के 130वें एपिसोड को सुनने के बाद रखे।मुख्यमंत्री ने प्रदेशवासियों को राष्ट्रीय मतदाता दिवस की हार्दिक शुभकामनाएं भी दीं। मुख्यमंत्री धामी ने कहा कि प्रधानमंत्री के नेतृत्व में देश के अंदर निरंतर नवाचार हो रहे हैं। इनोवेशन, विज्ञान, तकनीक, डिजिटल प्लेटफॉर्म और आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (एआई) के क्षेत्र में तेजी से विकास हो रहा है।
उन्होंने कहा कि एआई का प्रभाव आने वाले समय में हर क्षेत्र में दिखाई देगा। जो कार्य पहले कई दिनों या महीनों में पूरे होते थे, वे अब कुछ ही घंटों में संभव हो सकेंगे। मुख्यमंत्री ने बताया कि उत्तराखंड में भी एआई के प्रभावी उपयोग को लेकर साइंस, आईटी और टेक्नोलॉजी से जुड़े विभाग लगातार कार्य कर रहे हैं, ताकि शासन, प्रशासन और आम जनता को तकनीक का अधिकतम लाभ मिल सके।









