
उत्तराखंड के पौड़ी में वनंतरा रिजॉर्ट की रिसेप्शनिस्ट रही अंकिता भंडारी मर्डर केस में केंद्रीय जांच ब्यूरो (CBI) की ओर से कार्रवाई तेज हो गई है। सीबीआई ने मामले में केस दर्ज कर जांच शुरू की है। पुष्कर सिंह धामी सरकार ने अंकिता भंडारी हत्याकांड मामले की जांच सीबीआई को हस्तांतरित करने का निर्णय लिया था। पिछले दिनों भाजपा के पूर्व विधायक सुरेश राठौर की पत्नी का दावा करने वाली एक्ट्रेस उर्मिला सनावर ने मामले में एक बड़ा दावा कर सनसनी मचा दी थी। अंकिता हत्याकांड में वीआईपी की भूमिका को लेकर उनके दावों ने उत्तराखंड की राजनीति में हलचल तेज कर दी। अंकिता के माता-पिता का कहना है कि सीबीआई जांच पर उम्मीद टिकी है अंकिता हत्याकांड की पूर्ण जांच को लेकर व्यापक जन दबाव और अंकिता के माता-पिता की मांग के बाद धामी सरकार ने सीबीआई जांच की अनुशंसा कर दी। उत्तराखंड सरकार की सिफारिश के बाद सीबीआई दिल्ली स्पेशल क्राइम ब्रांच (ब्रांच-2) ने अंकिता भंडारी की हत्या के सिलसिले में दिल्ली में एक मामला दर्ज किया है। सीएम पुष्कर सिंह धामी ने इसी साल 9 जनवरी को सीबीआई जांच की सिफारिश की थी। अधिकारियों के अनुसार, सीबीआई ने अंकिता भंडारी हत्याकांड को फिर से रजिस्टर कर लिया है और जांच शुरू कर दी है। ऐसे में उम्मीद जताई जा रही है कि कथित वीआईपी गेस्ट का नाम अब सामने आएगा।
सितंबर 2022 में हुई थी हत्या अंकिता भंडारी की हत्या वर्ष 2022 के सितंबर माह में हुई थी। हत्याकांड के बाद लोगों का गुस्सा भड़क उठा था। पौड़ी में वनंतरा रिजॉर्ट में रिसेप्शनिस्ट के तौर पर काम करने वाली अंकिता भंडारी की हत्या ऑनर पुलकित आर्य और उसके दो कर्मचारियों ने कर दी थी। मामला गरमाने के बाद धामी सरकार ने घटना की जांच के लिए एक स्पेशल इन्वेस्टिगेशन टीम (SIT) बनाई। अंकिता भंडारी का शव 24 सितंबर 2022 को ऋषिकेश में चिल्ला नहर से बरामद किया गया था।










