
नगर निगम की बोर्ड बैठक बुधवार को निगम सभागार में हुई। इस दौरान शहर के विकास के लिए लाए गए सभी 20 बिंदुओं पर चर्चा के बाद उन्हें ध्वनिमत से पास कर दिया गया। इसमें पशु शवदाह गृह, श्मशान घाट की सुरक्षा दीवार, 10 ई-रिक्शा स्टैंड, 500 दुकानों का निर्माण, ईवी स्टेशन, कूड़े की निगरानी के लिए सचल दल का गठन करने सहित 20 प्रस्ताव पारित किए गए। इस दौरान पिछले प्रस्तावों पर हुई कार्यवाही की पुष्टि के साथ अनुमोदन पर विचार विमर्श किया गया। साथ ही पार्षदों से सुझाव और प्रस्ताव मांगे गए। महापौर दीपक बाली की अध्यक्षता में हुई बैठक में निगम कार्मिकों की वर्दी आदि वितरण और पशु शवदाह गृह निर्माण के लिए अनुमोदन को स्वीकृत किया गयामहापौर ने कहा कि पार्षदों ने अपने वार्ड के संबंध में जन समस्याओं के निदान के लिए जो पत्र दिए हैं उन्हें एक सप्ताह के अंदर संबंधित विभागों को भेज दिया जाएगा। कहा कि 15 दिन के भीतर एक बार सभी पार्षद और नगर निगम सहित अन्य विभागों के अधिकारी बैठकर समस्याओं पर मंथन कर निदान करेंगे। बताया कि वार्ड संख्या 11 एवं 40 के विकास के लिए इन दोनों वार्डों को जिला विकास प्राधिकरण को गोद दिया जा रहा है। नगर निगम क्षेत्र में शीघ्र ही विभाजन विभीषिका पार्क का निर्माण होगा जिसका उद्घाटन मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी से कराया जाएगा।









