
देहरादून: उत्तराखंड में आज कहीं-कहीं हल्की बारिश और बर्फबारी हो सकती है तो कहीं कोहरा छाने के कारण लोगों को परेशानी हो सकती है। मौसम विज्ञान केंद्र के अनुसार उत्तरकाशी, रुद्रप्रयाग, चमोली, बागेश्वर और पिथौरागढ़ में कहीं-कहीं बारिश होने की संभावना है। साथ ही 2800 मीटर या उससे अधिक ऊंचाई वाले क्षेत्रों में बर्फबारी होने की संभावना भी है।देहरादून, टिहरी, पौड़ी, अल्मोड़ा, चंपावत और नैनीताल में कहीं-कहीं हल्की बारिश हो सकती है। जबकि हरिद्वार और उधम सिंह नगर में कोहरा छाने के आसार हैं, जिसमें 4 फरवरी से बढ़ोतरी हो सकती है।
देहरादून, पौड़ी और नैनीताल में कहीं-कहीं गर्जन के साथ आकाशीय बिजली चमकने और झोंकेदार हवाएं चलने का येलो अलर्ट है, जबकि अन्य पर्वतीय जनपदों में भी गर्जन के साथ आकाशीय बिजली चमकने के आसार हैं। उधर औली में बर्फबारी के बाद से स्कीईंग खिलाड़ियों का उत्साह बना हुआ है। नेशनल विंटर गेम्स की तिथि भी घोषित कर दी गई है। औली में 12 से 16 फरवरी तक नेशनल स्कीईंग गेम्स होंगे इसके बाद से देश भर के स्की खिलाड़ियों में उत्साह है।वहीं केदारनाथ में इन दिनों 3 फीट तक बर्फ जमा है। धाम का तापमान माइनस 16 डिग्री सेल्सियस के आसपास बना हुआ है। ऐसे में जहां पुलिस बल और आईटीबीपी के जवान दिन रात मंदिर की सुरक्षा में मुस्तैद है तो वहीं उनके साथ पांच कुत्ते भी सुरक्षा व्यवस्था बनाने में सहयोग कर रहे हैं।यह सभी मंदिर के आसपास ही रहने वाले कुत्ते हैं लेकिन इन दोनों जवानों के साथ मंदिर क्षेत्र में तैनात हैं और जवानों के साथ-साथ गश्त भी करते रहते हैं। ऐसे मौसम और विषम परिस्थितियों में भी यह पांचों कुत्ते जवानों का पूरा साथ दे रहे हैं तो वहीं सुरक्षा बल द्वारा इनके खाने-पीने और रहने की भी व्यवस्था की जा रही है। ठंड से बचाव पर भी खास ध्यान दिया जा रहा है।










