
सिडकुल थाना क्षेत्र स्थित गायत्री विहार में उस वक्त हड़कंप मच गया, जब एक निर्माणाधीन मकान के सेफ्टी टैंक से एक अज्ञात व्यक्ति का शव बरामद हुआ. शव मिलने की सूचना पाकर सिडकुल थाना पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर जांच पड़ताल शुरू की. मौके पर मौजूद लोगों से शव की शिनाख्त के प्रयास किए गए, लेकिन शिनाख्त नहीं को सकी. फिलहाल शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए जिला अस्पताल भेजा गया है.
निर्माणाधीन मकान के सेफ्टी टैंक में मिला शव: पुलिस के अनुसार, गायत्री विहार स्थित एक निर्माणधीन मकान में कई दिनों निर्माण कार्य बंद था. आसपास लोगों को मकान के पास काफी दुर्गंध आई तो शक हुआ. पुलिस को सूचना दी गई. सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और सेफ्टी टैंक से शव बरामद हुआ. शव बरामद होते ही आसपास के इलाके में सनसनी मच गई.
मृतक की नहीं हो सकी शिनाख्त: मृतक की उम्र 30 से 35 वर्ष के बीच बताई जा रही है. शव की स्थिति को देखकर अनुमान लगाया जा रहा है कि यह कई दिन पुराना है. दुर्गंध आने के बाद आसपास के लोगों को घटना का पता चला, जिसके बाद पुलिस को सूचित किया गया. शुरुआती जांच में मृतक के शरीर पर चोट का कोई भी बाहरी निशान नहीं पाया गया है. इससे मौत के कारणों को लेकर रहस्य गहरा गया है. पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए जिला अस्पताल भेज दिया है. पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के सही कारणों का पता चल सकेगा. अभी तक मृतक की शिनाख्त नहीं हो पाई है. पुलिस आसपास के क्षेत्रों में लापता व्यक्तियों के रिकॉर्ड खंगाल रही है. साथ ही गायत्री विहार व आसपास के लोगों से पूछताछ कर रही है ताकि मृतक की पहचान की जा सके. थाना प्रभारी का बयान: सिडकुल थाना प्रभारी नितेश शर्मा ने बताया कि शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है. फिलहाल शव को अस्पताल की मोर्चरी में रखवा दिया गया है. शिनाख्त के प्रयास किए जा रहे हैं. सभी पहलुओं को ध्यान में रखते हुए मामले की जांच जारी है.
-नितेश शर्मा, थाना प्रभारी, सिडकुल
–










