
उत्तराखंड के सितारगंज के सम्पूर्णानंद खुली जेल से रेप-मर्डर में उम्रकैद की सजा काट रहा खूंखार कैदी फरार हो गया। घटना की सूचना मिलते ही जेल प्रशासन और पुलिस में हड़कंप मच गया। दोनों विभागों की संयुक्त टीम ने त्वरित कार्रवाई करते हुए सर्च अभियान चलाया। घंटों पुलिस बेबस नजर आई और करीब पौने पांच घंटे बाद फरार कैदी को पकड़ लिया गया। दोषसिद्ध बंदी करीब 40 वर्षीय पवन सैनी पुत्र तीरथ सिंह निवासी फतेहपुर रेहड़, बिजनौर यूपी सम्पूर्णानंद खुली जेल में उम्रकैद की सजा काट रहा है। मंगलवार सुबह करीब छह बजे गिनती के दौरान पवन अनुपस्थित पाया गया। उसकी झोपड़ी भी खाली थी। जानकारी मिलते ही जेल प्रशासन ने तुरंत पुलिस को सूचना दी। कोतवाली पुलिस टीम मौके पर पहुंची और जेल परिसर आसपास के जंगलों में कॉम्बिंग शुरू कर दी है
ऊधमसिंह नगर और नैनीताल जनपद के सीमावर्ती क्षेत्रों में भी नाकेबंदी की गई। अंततः सुबह लगभग 10:45 बजे लालरखास से करीब एक किलोमीटर दूर फरार कैदी को जेल पुलिस ने पकड़ लिया। इसके बाद जेल प्रशासन और पुलिस ने राहत की सांस ली। कोतवाली के एसएसआई विक्रम सिंह धामी ने बताया कि फरार कैदी के पकड़े जाने पर सर्च अभियान समाप्त कर दिया गया है। वहीं खुली जेल के वरिष्ठ अधीक्षक अनुराग मलिक ने बताया कि दोषसिद्ध कैदी को पकड़ लिया गया है उच्चाधिकारियों को इसकी सूचना दे दी गई है। नियमानुसार आगे की कार्रवाई की जा रही है।दुष्कर्म और हत्या में उम्रकैद की सजा काट रहा
पवन सैनी को वर्ष 2013 में किशोरी से दुष्कर्म और हत्या के मामले में उम्रकैद की सजा सुनाई गई थी। रामनगर कोतवाली में तैनात एसएसआई मोहम्मद यूनुस ने बताया कि 13 अप्रैल 2013 को पवन एक किशोरी को बहला-फुसलाकर ज्वालावन, रामनगर ले गया, जहां दुष्कर्म के बाद उसकी हत्या कर दी थी। मृतका के पिता की तहरीर पर पवन सैनी के खिलाफ पॉक्सो एक्ट, धारा 376 और 302 के तहत मुकदमा दर्ज हुआ था। दो वर्ष बाद न्यायालय ने उसे दोषी ठहराते हुए उम्रकैद की सजा सुनाई थी। वर्ष 2017 में उसे सेंट्रल जेल सितारगंज में स्थानांतरित किया गया था।










