
उत्तराखंड के तीन दिवसीय दौरे के दूसरे दिन यानी आज राष्ट्रपति द्राैपदी मुर्मू ने राज्य विधानसभा के विशेष सत्र को संबोधित किया। सुबह 11 बजे राष्ट्रपति विधानसभा कक्ष में पहुंचीं। विधानसभा अध्यक्ष ने राष्ट्रपति के आगमन पर स्वागत अभिवादन किया। उन्होंने कहा कि ये उत्तराखंड के लिए गर्व की बात है। मंच पर सीएम धामी भी मौजूद रहे। राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने कहा कि 25 वर्षों की विकास यात्रा में उत्तराखंड ने पर्यावरण, ऊर्जा, पर्यटन, शिक्षा और स्वास्थ्य जैसे क्षेत्रों में सराहनीय प्रगति की है। उन्होंने कहा कि राज्य के लोग परिश्रमी हैं और उनकी प्रतिबद्धता ने उत्तराखंड को नए विकास पथ पर अग्रसर किया है।राष्ट्रपति ने कहा कि श्रद्धेय अटल बिहारी वाजपेयी जी के प्रधानमंत्री कार्यकाल में जनभावनाओं के अनुरूप वर्ष 2000 में उत्तराखंड का गठन किया गया था। तब से लेकर आज तक राज्य ने संतुलित और स्थायी विकास की दिशा में उल्लेखनीय कार्य किए हैं। उन्होंने कहा कि “डिजिटल और फिजिकल कनेक्टिविटी दोनों ही क्षेत्रों में राज्य ने तेजी से प्रगति की है।”
महिला सशक्तीकरण को लेकर राष्ट्रपति ने कहा कि उत्तराखंड की महिलाएं हमेशा प्रेरणा स्रोत रही हैं। सुशीला बलूनी, बछेंद्री पाल, गौरा देवी, राधा भट्ट और वंदना कटारिया जैसी महिलाओं ने राज्य को गौरवान्वित किया है। उन्होंने कहा कि उत्तराखंड विधान सभा की पहली महिला अध्यक्ष श्रीमती ऋतु खंडूरी भूषण की नियुक्ति से राज्य का सम्मान और बढ़ा है।








