
पौड़ी। जिला मुख्यालय पौड़ी से सटे गढ़वाल वन प्रभाग के नागदेव रेंज स्थित डोभाल ढांडरी गांव में महिला पर हमला करने वाले गुलदार को आदमखोर घोषित कर अंतिम विकल्प के रुप में मारने का आदेश हो गया है। प्रमुख वन संरक्षक वन्यजीव व मुख्य वन्यजीव प्रतिपालक उत्तराखंड रंजन कुमार मिश्र ने यह आदेश जारी किया है। जिसके बाद क्षेत्र के ग्रामीणों ने आंदोलन स्थगित कर दिया है। वन विभाग के अधिकारियों का कहना है कि क्षेत्र में जल्द ही शूटर तैनात किया जाएगा। ट्रैंकुलाइज टीम पहले से ही क्षेत्र में तैनात है। उन्होंने कहा कि क्षेत्र में बच्चों को स्कूल आने-जाने और ग्रामीण महिलाओं को खेत या जंगल में चारापत्ती के लिए आने-जाने में परेशानी ना हो, इसके लिए विभागीय टीम सहयोग के तत्पर है। जिला मुख्यालय पौड़ी से सटे गढ़वाल वन प्रभाग के नागदेव रेंज स्थित डोभाल ढांडरी गांव में बीते 21 नंवंबर को भगवाना देवी 62 अपनी बड़ी बहन प्रेम देवी 70 के साथ गांव के समीप थलधार तोक में घास काटने गई थी। जहां घास काटते समय 2:45 बजे घात लगाए गुलदार ने भगवाना देवी पर हमला कर दिया था। समीप ही घास काट रही उनकी बडी बहन ने शोर बचाना शुरु किया था। साथ ही उनके हाथ पर पत्थर, लकड़ी जो भी आया, उसे गुलदार की ओर फेंकती रही। ग्रामीणों को आता देख गुलदार भाग खड़ा हुआ था।
ग्रामीणों ने घायल महिला को जिला अस्पताल में उपचार के भर्ती कराया था। जहां चिकित्सकों ने बताया था कि महिला के गले में गुलदार ने नाखून से गहरा घाव किया है। उपचार के बाद बीते 25 नवंबर को घायल महिला को अस्पताल से छुट्टी मिल गई है। लेकिन इधर ग्रामीण गुलदार को आदमखोर घोषित कर मारने का आदेश दिए जाने और गुलदार को शेडयूल वन की श्रेणी से हटाने की मांग पर 22 नवंबर से पौड़ी-श्रीनगर हाईवे पर गडोली के समीप आंदोलन कर रहे थे। बीते 26 नवंबर को ग्रामीणों ने हाईवे पर एक घंटे का जाम भी लगाया था।










