
उत्तराखंड के पूर्व मुख्यमंत्री एवं महाराष्ट्र के पूर्व राज्यपाल भगत सिंह कोश्यारी को वर्ष 2026 के लिए पद्म भूषण सम्मान से सम्मानित करने की घोषणा भारत सरकार ने की है। यह घोषणा गणतंत्र दिवस 2026 की पूर्व संध्या पर की गई। सार्वजनिक जीवन में उनके दीर्घकालीन योगदान को देखते हुए उन्हें यह प्रतिष्ठित नागरिक सम्मान प्रदान किया जाएगा।भगत सिंह कोश्यारी को पद्म भूषण से सम्मानित किया जाएगा। पद्म भूषण भारत का तीसरा सर्वोच्च नागरिक सम्मान है। शिक्षा, राजनीति और सामाजिक क्षेत्र में उनके लंबे अनुभव और सेवाओं के लिए उन्हें यह सम्मान दिए जाने की घोषणा की गई है।पद्म भूषण की घोषणा के बाद कपकोट क्षेत्र से लेकर उनके पैतृक गांव नामती चेटाबगड़ में हर्ष का माहौल है। गांव निवासी नारायण सिंह कोश्यारी ने बताया कि पूर्व मुख्यमंत्री एवं राज्यपाल भगत सिंह कोश्यारी को यह सम्मान मिलने से एक बार फिर गांव गौरवान्वित हुआ है। उन्होंने कहा कि भगतदा को अपनी माटी से गहरा लगाव है और वह आज भी गांव में समय बिताते हैं।विधायक सुरेश गढ़िया, दर्जा राज्य मंत्री भूपेश उपाध्याय, शिव सिंह बिष्ट सहित अन्य जनप्रतिनिधियों एवं सामाजिक संगठनों ने खुशी व्यक्त की है। उन्होंने कहा कि यह सम्मान पूरे उत्तराखंड के लिए गर्व की बात है।









