हरिद्वार। एक बार फिर राष्ट्रीय गौरव के क्षण के स्वागत के लिए पतंजलि विश्वविद्यालय सज-धज कर तैयार हो रहा है। दो नवंबर को राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु के प्रस्तावित आगमन को लेकर जिले का प्रशासन और पुलिस अमला सतर्कता और समन्वय के उच्चतम स्तर पर जुट गया है। इसी कड़ी में शुक्रवार को जिलाधिकारी मयूर दीक्षित और वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक प्रमेन्द्र सिंह डोबाल ने पतंजलि योगपीठ विश्वविद्यालय पहुंचकर तैयारियों का स्थलीय निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी मयूर दीक्षित ने सभी अधिकारियों को निर्देश दिए कि राष्ट्रपति के आगमन पर निर्धारित प्रोटोकाल का पालन किया जाए। एक नवंबर को कार्यक्रम की पूर्ण रिहर्सल होगी, ताकि वास्तविक दिन पर सभी व्यवस्थाएं सटीक और समयबद्ध रूप से क्रियान्वित की जा सकें। जिलाधिकारी ने संबंधित विभागों के अधिकारियों से कहा कि सभी कार्य निर्धारित मानकों और प्रोटोकाल के अनुरूप किए जाएं।










