
रुद्रपुर: पूर्व कैबिनेट मंत्री और किच्छा से कांग्रेस विधायक तिलक राज बेहड़ के पुत्र सौरभ बेहड़ पर जानलेवा हमला करने वाले आरोपी चार दिन बाद भी पुलिस की गिरफ्त से दूर हैं. अब तक कोई भी कार्रवाई न होने पर तिलक राज बेहड़ के आवास पर एक महाबैठक का आयोजन हुआ. इसमें राजनीतिक दलों के लोग, समाजसेवी सहित अन्य लोगों ने हिस्सा लिया. इस दौरान उन्होंने आरोपियों के खिलाफ तत्काल कार्रवाई की मांग की. आज 21 जनवरी तक अगर आरोपी गिरफ्तार नहीं किए जाते हैं, तो पुलिस प्रशासन के खिलाफ मोर्चा खोलने की चेतावनी दी गई है.विधायक बेहड़ के आवास पर हुई महाबैठक: 18 जनवरी को किच्छा से कांग्रेस के विधायक एवं पूर्व मंत्री तिलक राज बेहड़ के बेटे पर अज्ञात लोगों द्वारा किए गए जानलेवा हमले के विरोध में मंगलवार को विधायक बेहड़ के आवास पर एक महा बैठक का आयोजन किया गया. इस बैठक में जिले भर से बड़ी संख्या में राजनीतिक दलों के नेता जनप्रतिनिधि और गैर-राजनीतिक लोग शामिल हुए. बैठक में हमले की कड़ी निंदा करते हुए दोषियों की तत्काल गिरफ्तारी की मांग की गई. बैठक कई घंटों तक चली.बेहड़ के बेटे पर हमला करने वालों को गिरफ्तार करने की मांग: घटनाक्रम की जानकारी मिलते ही मौके पर पहुंचे एसपी सिटी उत्तम सिंह नेगी ने उपस्थित लोगों से बातचीत की और आश्वासन दिया कि पुलिस मामले की गहन जांच कर रही है. 21 जनवरी की रात तक हमले से जुड़े आरोपियों के खिलाफ ठोस कार्रवाई करने का आश्वासन भी दिया. विधायक तिलक राज बेहड़ ने बैठक को संबोधित करते हुए कहा कि- यह हमला केवल उनके बेटे पर नहीं, बल्कि कानून-व्यवस्था पर भी सीधा हमला है. यदि पुलिस अपने निर्धारित समय तक मामले का खुलासा नहीं करती है, तो वे सोशल मीडिया के माध्यम से जनता को आगे की रणनीति से अवगत कराएंगे.
-तिलकराज बेहड़, कांग्रेस विधायक- बेहड़ ने पुलिस को दी ये चेतावनी: बेहड़ ने साथ ही चेतावनी दी कि जरूरत पड़ने पर समर्थकों के साथ एसपी कार्यालय पर अनिश्चित कालीन धरना दिया जाएगा. इस महा बैठक के माध्यम से साफ संदेश दिया गया कि यदि समय रहते दोषियों पर कार्रवाई नहीं हुई, तो आंदोलन को और तेज किया जायेगा.पार्षद हैं तिलक राज बेहड़ के बेटे सौरभ: गौरतलब है कि कांग्रेस विधायक तिलक राज बेहड़ के बेटे सौरभ बेहड़ पर 18 जनवरी तीन नकाबपोश लोगों ने हमला किया था. तिलक राज बेहड़ द्वारा बताया गया कि उस समय उनका बेटा किसी मामले को लेकर आवास विकास चौकी जा रहा था. हमले में घायल हुए सौरभ बेहड़ को रुद्रपुर के निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया है. सौरभ बेहड़ रुद्रपुर नगर निगम वार्ड संख्या 39 के पार्षद भी हैं.









