
मौसम विभाग के पूर्वानुमान के अनुसार उत्तराखंड में आज वसंत पंचमी के दिन मौसम ने भी करवट ले ली है. राज्य के पहाड़ी जिलों में बारिश और बर्फबारी शुरू हो गई है. पहाड़ों की रानी मसूरी में बारिश हुई फिर बर्फबारी शुरू हो गई. मसूरी में ये मौसम का पहला स्नोफॉल है. बर्फबारी देख पर्यटकों के चेहरे खिल गए हैं. राजधानी देहरादून में भी हल्की बारिश हो रही है
उत्तराखंड में शुरू हुई बारिश और बर्फबारी: पहाड़ों की रानी मसूरी में मौसम ने अचानक करवट ले ली है. शुक्रवार की सुबह से ही शहर और आसपास के इलाकों में हल्की बारिश के साथ बर्फ की फुहारें देखने को मिलीं, जिससे ठंड में इज़ाफा हो गया. लंबे समय से शुष्क मौसम झेल रहे मसूरी वासियों और पर्यटकों के चेहरे मौसम के इस बदलाव से खिल उठे हैं. सुबह के समय आसमान में काले बादल छाए रहे और रुक-रुक कर हल्की बारिश होती रही. ऊंचाई वाले क्षेत्रों में बर्फ की हल्की फुहारों ने मौसम को और भी सुहावना बना दिया. बारिश और ठंड बढ़ने के कारण लोग गर्म कपड़ों और अलाव का सहारा लेते नजर आए. तापमान में आई गिरावट से ठंड का अहसास साफ तौर पर महसूस किया जा रहा है. आज मसूरी का अधिकतम तापमान 6° सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 2° सेल्सियस है.










